
जबलपुर, यश भारत। अधारताल थाना पुलिस ने कॉपीराइट उल्लंघन के मामले में खजरी खिरिया बाईपास स्थित एक स्नैक्स फैक्ट्री पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में कथित तौर पर गंगा फूड कंपनी से मिलते-जुलते पैकेजिंग सामग्री और उत्पाद बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि गंगा फूड के संचालक विजय उपाध्याय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कंपनी के नाम, पैकेजिंग और ब्रांड की हूबहू नकल कर खजरी खिरिया क्षेत्र में संचालित विजयश्री इंटरप्राइजेज/विजयश्री सेल्स द्वारा स्नैक्स का निर्माण और बिक्री की जा रही है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कॉपीराइट उल्लंघन का मामला दर्ज कर फैक्ट्री पर दबिश दी।

जांच के दौरान मौके पर ऐसे पैकेट मिले जो प्रथम दृष्टया गंगा फूड के पैकेटों से काफी मिलते-जुलते पाए गए। पुलिस ने संबंधित सामग्री की जांच शुरू कर दी है और अन्य अनियमितताओं की भी पड़ताल की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि फैक्ट्री संचालक को संपर्क कर मौके पर बुलाया गया है तथा उससे संबंधित दस्तावेज और आवश्यक कागजात मांगे गए हैं। दस्तावेजों की जांच और विवेचना के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार यदि जांच में आवश्यक पाया गया तो वैधानिक प्रक्रिया के तहत फैक्ट्री को सीज करने की कार्रवाई भी की जाएगी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।







