सीहोर में FX Trade ऐप से ठगी करने वाला कॉल सेंटर सील, सीहोर व कटनी से 6 आरोपी गिरफ्तार

सीहोर में FX Trade ऐप से ठगी करने वाला कॉल सेंटर सील, सीहोर व कटनी से 6 आरोपी गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा साइबर ठगी के संगठित नेटवर्क, फर्जी बैंक खातों और डिजिटल अपराधों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में बड़ा खुलासा हुआ है। सीहोर एवं कटनी पुलिस ने दो अलग-अलग कार्यवाहियों में अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
सीहोर में फर्जी ट्रेडिंग ऐप FX Trade के जरिए लोगों को निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा देकर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। सीहोर पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने शीतल बिहार कॉलोनी में संचालित एक फर्जी कॉल सेंटर पर दबिश देकर मुख्य आरोपी सतीश मेवाड़ा सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले छह महीनों से छह कर्मचारियों के माध्यम से लोगों से संपर्क कर कम समय में अधिक लाभ का लालच देते थे। ठगी की रकम हासिल करने के लिए आरोपी लोन दिलाने के नाम पर लोगों से बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम हासिल कर ‘म्यूल अकाउंट’ की तरह इस्तेमाल करते थे। अब तक करीब 20 लाख रुपये से अधिक के फर्जी निवेश का खुलासा हो चुका है। पुलिस ने मौके से 5 कंप्यूटर, 1 लैपटॉप, 10 मोबाइल, पासबुक और चेकबुक जब्त की हैं। NCRP पोर्टल की जांच में इन खातों का संबंध देश के अन्य राज्यों में हुई साइबर धोखाधड़ी से भी पाया गया है।
दूसरी ओर, कटनी जिले की थाना बाकल पुलिस ने मोबाइल चोरी कर यूपीआई के माध्यम से बैंक खाते साफ करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए झारखंड निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बाकल बाजार से एक व्यक्ति का मोबाइल चोरी कर उसके बचत एवं केसीसी खाते से 2 लाख 10 हजार रुपये पार कर दिए थे। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे बिना स्क्रीन लॉक या आसान लॉक वाले मोबाइलों को निशाना बनाते थे और नया यूपीआई पिन सेट कर पैसे दूसरे खातों में ट्रांसफर कर लेते थे। आरोपियों ने कटनी, जबलपुर, सिहोरा और उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भी 14 मोबाइल चोरी कर ठगी की वारदातें अंजाम देना स्वीकार किया है।







