वाहन की ठोकर से नौ मवेशियों की मौत, एक गंभीर हालत में तड़पता मिला, कटनी-पन्ना मार्ग पर दुर्घटना

कटनी/पवई, यशभारत। कटनी-पन्ना मार्ग पर शिकारपुरा के आगे सोमवार को दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां किसी अज्ञात वाहन ने सडक़ पर मौजूद करीब 10 मवेशियों को टक्कर मार दी। हादसे में नौ मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गईए जबकि एक मवेशी गंभीर रूप से घायल अवस्था में सडक़ किनारे तड़पता मिला। घटना के बाद मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने सडक़ पर मृत मवेशियों को देखा तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीर संदीप पटेल ने मवेशियों की हालत की सूचना पशु चिकित्सा आपातकालीन सेवा 1962 पर दी, ताकि घायल मवेशी का उपचार कराया जा सके। स्थानीय लोगों के अनुसार पन्ना.कटनी मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के बीच सडक़ पर मवेशियों के बैठे रहने से आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। एक साथ नौ मवेशियों की मौत की घटना ने सडक़ सुरक्षा और आवारा पशुओं की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।







