कटनी

अच्छी खबर : दीपावली और छठ पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, घर जाने के लिए यात्रियों को मिलेगा कंफर्म टिकट

कटनी, यशभारत। दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए राहत की खबर है। जिन यात्रियों को नियमित ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा है और टिकट वेटिंग या रिग्रेट में पहुंच चुके हैं, उनके लिए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों का विकल्प उपलब्ध कराया है। कटनी होकर विभिन्न रूटों पर पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों से मुंबई और पुणे से पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। इनमें लोकमान्य तिलक टर्मिनस मऊ द्विसाप्ताहिक स्पेशल, पुणे गोरखपुर दैनिक स्पेशल, लोकमान्य तिलक टर्मिनस गोरखपुर दैनिक स्पेशल, पुणे गाजीपुर सिटी द्विसाप्ताहिक स्पेशल और लोकमान्य तिलक टर्मिनस बनारस द्विसाप्ताहिक स्पेशल शामिल हैं। पुणे-गोरखपुर और लोकमान्य टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल 16 अक्टूबर से शुरू होकर नवंबर तक चलेंगी। मऊ, गाजीपुर और बनारस के लिए भी अक्टूबर-नवंबर के दौरान निर्धारित दिनों में अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। इटारसी होकर इन ट्रेनों के संचालन से कटनी के यात्रियों को भी फायदा मिलेगा। खासकर दीपावली और छठ के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों के लिए नियमित ट्रेनों के अलावा इन स्पेशल ट्रेनों में सीट उपलब्ध होने पर यात्रा का विकल्प रहेगा। यात्रियों को टिकट बुक करने से पहले संबंधित ट्रेन की तारीख और उपलब्धता जरूर जांचने की सलाह दी गई है।
कटनी साउथ से मालखेड़ी के लिए चल रही टे्रन
बीना स्टेशन पर चल रहे नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण कटनी मुड़वारा बीना मेमू रेल सेवा को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है। ऐसे समय में धान कटाई के मौसम में यात्रियों एवं श्रमिकों की अतिरिक्त आवाजाही को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा हेतु गाड़ी संख्या 09015/09016 कटनी साउथ मालखेड़ी दैनिक अनारक्षित विशेष रेल सेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। यह विशेष रेल सेवा 30 सितम्बर से 9 अक्टूबर तक प्रतिदिन संचालित होगी। गाड़ी संख्या 09015 कटनी साउथ अनारक्षित विशेष गाड़ी कटनी साउथ से 05:20 बजे प्रस्थान कर 12 बजे मालखेड़ी पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09016 मालखेड़ी कटनी साउथ अनारक्षित विशेष गाड़ी मालखेड़ी स्टेशन से 14.40 बजे प्रस्थान कर कटनी साउथ 20.40 बजे पहुंचेगी।
हमसफर एक्सपे्रस निरस्त
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। उक्त कार्य के चलते संतरागाछी जबलपुर संतरागाछी एवं रानी कमलापति संतरागाछी रानी कमलापति एक्सप्रेस के निर्धारित फेरों को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है। गाड़ी संख्या 20828 संतरागाछी जबलपुर हमसफर एक्सप्रेस 9 दिसम्बर को संतरागाछी स्टेशन से निरस्त रहेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20827 जबलपुर संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस 10 दिसम्बर को जबलपुर स्टेशन से निरस्त रहेगी। इसके साथ ही गाड़ी संख्या 22169 रानी कमलापति संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस 9 दिसम्बर को रानी कमलापति स्टेशन से निरस्त रहेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 22170 संतरागाछी रानी कमलापति हमसफर एक्सप्रेस 10 दिसम्बर को संतरागाछी स्टेशन से निरस्त रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button