मध्य प्रदेशराज्य

बड़ी ख़बर: बैल को बचाने उतरे चार ग्रामीण आए जहरीली गैस की चपेट में, तीन की मौत, एक की हालत गंभीर

सतना /मैहर यश भारत ।अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम खरमसेड़ा में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। कुएं में गिरे एक बैल को बचाने के प्रयास में चार ग्रामीण जहरीली गैस की चपेट में आ गए। इनमें से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

 

ग्रामीणों के अनुसार, गांव का एक बैल अचानक गहरे कुएं में गिर गया था। उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। इसी दौरान सबसे पहले एक युवक कुएं में उतरा, लेकिन कुछ देर तक उसकी कोई आवाज नहीं आई। अनहोनी की आशंका होने पर उसे बचाने के लिए दूसरा और फिर तीसरा युवक भी कुएं में उतर गया। इसके बाद चौथा ग्रामीण भी बचाव के लिए नीचे पहुंचा, लेकिन कुएं के भीतर मौजूद जहरीली गैस के कारण चारों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े।

 

घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और रस्सियों सहित अन्य साधनों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चौथे का उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

 

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि लंबे समय से बंद पड़े कुएं में जहरीली गैस जमा होने के कारण यह हादसा हुआ।

 

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। एक मूक पशु को बचाने की कोशिश में तीन युवकों की मौत से परिजन बदहवास हैं और ग्रामीणों में भी गहरा दुख व्याप्त है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button