देश

सिक्योरिटी गार्ड पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार, लोहे का सामान चोरी करने से रोकने पर वारदात

कटनी, यशभारत । शहर के कटनी कोतवाली थाना क्षेत्र में एल एंड टी कंपनी की साइट पर तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। आरोपी वारदात के बाद फरार होकर शहर छोड़ने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई 2026 की रात जिला अस्पताल कटनी से सूचना मिली कि रंजीत सिंह सिकरवार (39) पिता श्रीराम सिंह सिकरवार, जो एल एंड टी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत हैं, घायल अवस्था में उपचार के लिए भर्ती हुए हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल से घटना की जानकारी ली।
रंजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि 30 जून की रात करीब 10:30 बजे वह बार्डस्ले स्कूल के पीछे रेलवे लाइन किनारे स्थित एल एंड टी कंपनी की साइट पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान बाबली टोला निवासी आसू उर्फ एलीसा पॉल वहां पहुंचा और साइट पर रखा लोहे का सामान उठाने लगा। जब रंजीत ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया। उसने अपने पास रखे चाकू से रंजीत पर जानलेवा हमला कर दिया। बचाव के दौरान चाकू रंजीत के बाएं कान के पास लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी घटनास्थल से फरार हो चुका था। घायल की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 710/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी) एवं 109(1) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, लेकिन वह अपने घर से फरार मिला। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कैलवारा फाटक के आसपास घूम रहा है और शहर से भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और आरोपी आसू उर्फ एलीसा पॉल (45) पिता पियरसन पॉल, निवासी मरही माता मंदिर के पास, बाबली टोला, आजाद चौक, कटनी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, उपपुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा सीएसपी नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक प्रहलाद पैकरा सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।IMG 20260702 WA0991

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button