जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

पूमा ब्रांड के नाम पर नकली चप्पल बेचने वाले दो थोक कारोबारियों पर मामला दर्ज

1.77 लाख रुपये की 592 जोड़ी नकली स्लाइडर्स जब्त

जबलपुर,यशभारत। शहर में ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली स्लाइडर्स (चप्पल) बेचने के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो थोक कारोबारियों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों दुकानों से कुल 592 जोड़ी नकली स्लाइडर्स, जिनकी अनुमानित कीमत 1 लाख 77 हजार 600 रुपये है, जब्त की हैं।

जानकारी के अनुसार न्यू दिल्ली स्थित एल्यूडिकेशन एडवोकेट एंड सॉलिसिटर्स लॉ फर्म के जांच अधिकारी मयंक शर्मा ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी कि कोतवाली क्षेत्र की कुछ फुटवेयर दुकानों पर पूमा कंपनी के नाम और ट्रेडमार्क का दुरुपयोग कर नकली स्लाइडर्स बेची जा रही हैं, जिससे कंपनी की साख प्रभावित हो रही है और ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी की जा रही है।

शिकायत के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मानस द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 30 जून को तुलाराम चौक स्थित मैडम फुटवेयर तथा अंधेरदेव में जामा मस्जिद के पीछे स्थित आर.के. फुटवेयर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान मैडम फुटवेयर के संचालक पंकज खत्री (33), निवासी पूर्वी बेलबाग, के कब्जे से पूमा कंपनी की हुबहू दिखने वाली 284 जोड़ी नकली स्लाइडर्स बरामद की गईं। वहीं आर.के. फुटवेयर के संचालक आवेद अली (50), निवासी आनंद नगर, गोहलपुर, की दुकान से 308 जोड़ी नकली स्लाइडर्स जब्त की गईं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 592 जोड़ी नकली स्लाइडर्स जब्त कर उनके विरुद्ध कॉपीराइट अधिनियम की धारा 51 एवं 63 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button