ट्विशा शर्मा डेथ केस: सास गिरिबाला उपभोक्ता आयोग अध्यक्ष पद से हटाई गईं

ट्विशा शर्मा डेथ केस: सास गिरिबाला उपभोक्ता आयोग अध्यक्ष पद से हटाई गईं
भोपाल, यशभारत । मॉडल व एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में राज्य सरकार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। सरकार ने ट्विशा की सास व रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को भोपाल जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। मध्य प्रदेश खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।
खाद्य मंत्री गोविंद राजपूत ने बताया कि आयोग अध्यक्ष की नियुक्ति और आचरण नियमों के तहत इस मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।
मामले में खाद्य विभाग के उप सचिव ने राज्य उपभोक्ता आयोग के रजिस्ट्रार को पत्र लिखकर गिरिबाला सिंह के खिलाफ दर्ज दहेज प्रकरण के चलते उपभोक्ता संरक्षण नियम 2020 के उप नियम 9 (2) के तहत कार्रवाई करने और जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में भोपाल के कटारा हिल्स थाना पुलिस ने सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। इस मामले में जहां एक ओर कोर्ट ने दो दिन पहले ही आरोपी पति समर्थ सिंह की जमानत अर्जी खारिज कर दी है, वहीं सास गिरिबाला सिंह ने सेना से रिटायर्ड पति का हवाला देकर निचली अदालत से जमानत हासिल कर ली है।







