छोला मंदिर क्षेत्र में सीपी संजय कुमार का जनसंवाद: नशे और सुरक्षा को लेकर नागरिकों ने रखीं समस्याएं, त्वरित कार्रवाई के निर्देश

छोला मंदिर क्षेत्र में सीपी संजय कुमार का जनसंवाद: नशे और सुरक्षा को लेकर नागरिकों ने रखीं समस्याएं, त्वरित कार्रवाई के निर्देश
भोपाल, यशभारत। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर संजय कुमार द्वारा छोला मंदिर थाना क्षेत्र के मां कर्मा होटल में एक जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के नागरिकों ने पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध की जा रही प्रभावी कार्रवाई की सराहना की, साथ ही स्थानीय स्तर पर आ रही सुरक्षा और प्रशासनिक समस्याओं से अवगत कराया।
जनसंवाद में नागरिकों ने क्षेत्र में मादक पदार्थों की बढ़ती बिक्री पर चिंता जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। निवासियों ने बताया कि रेलवे पटरी के समीप स्थित शराब दुकान के कारण लोग पटरियों पर बैठकर शराब का सेवन करते हैं, जिससे सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। इसके अलावा, प्रेम नगर में शराब पीकर गाड़ियों के शीशे तोड़ने वाले हुड़दंगियों की शिकायत करते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई। स्थानीय दुकानदारों ने दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की चोरी होने की बात भी सामने रखी और सुरक्षा के लिहाज से उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे लगाने का सुझाव दिया। नागरिकों ने यह भी बताया कि पहले बाजार रात 12 बजे तक खुलता था, जबकि अब रात 11 बजे ही बंद हो जाता है। इसके साथ ही क्षेत्र में मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों के घूमने की शिकायत भी सामने आई।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को इनके त्वरित निराकरण के सख्त निर्देश दिए। इस अवसर पर नागरिकों को ट्रैफिक नियमों की शपथ दिलाई गई और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। सीपी ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अवैधानिक गतिविधि के दिखने पर तुरंत डायल 112 पर कॉल करें। इसके साथ ही मादक पदार्थों और अवैध हथियारों से संबंधित जानकारी देने के लिए विशेष मोबाइल नंबर 7587648330 जारी किया गया है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि इस नंबर पर सूचना देने वाले नागरिक का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।







