अंधे हत्याकांड का खुलासा : 5 आरोपी गिरफ्तार… ऐसे दिया वारदात को अंजाम

मंडला, पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला शिवकुमार वर्मा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नैनपुर श्री मनीष राज के मार्गदर्शन में थाना बम्हनी पुलिस को हत्या के एक गंभीर प्रकरण में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। थाना बम्हनी पुलिस ने तरेंद्र यादव हत्याकांड का खुलासा करते हुए प्रकरण में संलिप्त 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ये है मामला
दिनांक 22.06.2026 को प्रार्थी रविन्द्र यादव पिता डुम्मन लाल यादव, उम्र 40 वर्ष, निवासी मुगदरा द्वारा अपने छोटे भाई तरेंद्र यादव पिता डुम्मन लाल यादव, उम्र 36 वर्ष, निवासी मुगदरा के गुम होने की रिपोर्ट थाना बम्हनी में दर्ज कराई गई। जांच के दौरान दिनांक 22.06.2026 को बोरिया नाला, लिमरुआ के पास तरेंद्र यादव का शव बरामद हुआ। मर्ग पंचनामा कार्यवाही उपरांत शव का पोस्टमार्टम सीएचसी बम्हनी में पैनल डॉक्टरों से कराया गया। मर्ग जांच एवं प्रारंभिक साक्ष्यों से यह तथ्य सामने आया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मृतक की गला घोंटकर हत्या की गई तथा साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को नाले में फेंका गया। इस आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1), 238 बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना एवं पुलिस कार्रवाई-
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा आरोपियों की शीघ्र तलाश एवं पतासाजी के निर्देश दिए गए। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक, बालाघाट जोन, श्री ललित शाक्यवार द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु ₹25,000/- के इनाम की घोषणा भी की गई थी। निर्देशानुसार थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र रघुवंशी के नेतृत्व में थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा संदेहियों की पतासाजी, तकनीकी साक्ष्य संकलन एवं मोबाइल लोकेशन के आधार पर साइबर सेल की सहायता से गहन जांच की गई। विवेचना के दौरान राजा यादव, अविनाश यादव, राहुल उर्फ नीरज परते, सूर्यकांत उर्फ सूर्या तथा कृष्ण कुमार उर्फ राजा की संलिप्तता सामने आई। आरोपियों को तलब कर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपराध करना स्वीकार किया।
हत्या का कारण
प्रारंभिक पूछताछ एवं विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि मृतक तरेंद्र यादव एवं उसके सामने रहने वाले जीवनलाल यादव के बीच खेती-बाड़ी एवं आपसी प्रतिस्पर्धा को लेकर लंबे समय से विवाद एवं रंजिश चली आ रही थी। जीवनलाल यादव की मृत्यु के बाद उसके परिवार के सदस्य मृतक तरेंद्र यादव एवं उसके परिवार के प्रति शंका एवं वैमनस्य रखते थे। इसी रंजिश के चलते आरोपी राजा यादव ने अपने साथी अविनाश यादव के माध्यम से तरेंद्र यादव की हत्या की साजिश रची।
हत्या की साजिश एवं वारदात का तरीका
विवेचना में यह सामने आया कि आरोपीगण को जानकारी थी कि दिनांक 21 जून 2026 को मृतक के यहां शादी समारोह एवं बारात कार्यक्रम है। इसी अवसर का लाभ उठाकर घटना को अंजाम देने की योजना बनाई गई, ताकि किसी को तत्काल संदेह न हो। आरोपी अविनाश यादव ने मृतक से परिचय का लाभ उठाते हुए उसे बारात से अलग बुलाया और शराब पिलाने के बहाने स्कूल के पीछे ले गया। इसी दौरान उसके साथ मौजूद अन्य आरोपी राहुल उर्फ नीरज परते, सूर्यकांत उर्फ सूर्या एवं कृष्ण कुमार उर्फ राजा ने मिलकर मृतक तरेंद्र यादव की गला घोंटकर हत्या कर दी तथा शव को बोरिया नाला, लिमरुआ के पास फेंक दिया। प्रकरण में संलिप्त सभी 5 आरोपियों को दिनांक 25.06.2026 को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से पूछताछ एवं अन्य वैधानिक कार्यवाही जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
1. राजा यादव पिता जीवन यादव, निवासी ग्राम मुगदरा, थाना बम्हनी
2. अविनाश यादव पिता राममिलन यादव, निवासी ग्राम देवगांव
3. राहुल उर्फ नीरज परते पिता नानक सिंह परते, निवासी ग्राम खमरौती, थाना बिछिया
4. सूर्यकांत उर्फ सूर्या निवासी ग्राम खमरौती, थाना बिछिया
5. कृष्ण कुमार उर्फ राजा निवासी ग्राम खमरौती, थाना बिछिया







