कचौरी मोड़ पर भीषण सडक़ हादसा, खेत में 100 मीटर घिसटने के बाद पेड़ से टकराया ट्रक, परिचालक की मौत, चालक गंभीर

कटनी/शाहनगर, यशभारत। शाहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कचौरी मोड़ के पास आज सुबह एक सडक़ हादसा हो गया, जिसमें परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक क्रमांक सीजी 31 सी 5946 कटनी से पन्ना की ओर जा रहा था। सुबह करीब 3 बजे कचौरी मोड़ के पास ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे खेतों में उतर गया। बताया जा रहा है कि ट्रक करीब 100 मीटर तक खेतों में घिसटता हुआ आगे बढ़ा और अंतत: एक जामुन के पेड़ से जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के दौरान चालक और परिचालक दोनों ट्रक में बुरी तरह फंस गए। चालक राम सजीवन पिता समय लाल यादव 22 वर्ष निवासी बुड़वा तहसील ब्यौहारी जिला शहडोल गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं परिचालक शेषमणि 35 वर्ष निवासी निवासी बुड़वा तहसील ब्यौहारी जिला शहडोल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही शाहनगर थाना प्रभारी परसराम डाबर मय स्टाफ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए क्रेनन मशीन की सहायता से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें थाना प्रभारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी शाहनगर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।







