नीट री-एग्जाम: भोपाल मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर परीक्षार्थियों के लिए बने विशेष हेल्प बूथ

नीट री-एग्जाम: भोपाल मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर परीक्षार्थियों के लिए बने विशेष हेल्प बूथ
भोपाल, यशभारत। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा का री-एग्जाम रविवार, 21 जून को आयोजित किया जा रहा है। परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा केंद्रों तक उनके सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मंडल के अंतर्गत आने वाले प्रमुख शहरों भोपाल, विदिशा, होशंगाबाद, गुना और अशोकनगर रेलवे स्टेशनों पर परीक्षार्थियों की सहायता के लिए विशेष हेल्प बूथ स्थापित किए गए हैं।
सीनियर मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि इन हेल्प बूथों पर तैनात रेलवे कर्मचारियों द्वारा परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने का मार्ग, स्थानीय परिवहन सुविधाएं, स्टेशन परिसर की आवश्यक जानकारियां और अन्य उपयोगी सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर पूछताछ व्यवस्था और उद्घोषणा प्रणाली को भी और मजबूत किया गया है।
अतिरिक्त स्टाफ तैनात, भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान
परीक्षा के दिन स्टेशनों और प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल वाणिज्य और परिचालन विभाग के अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कतार प्रबंधन और मार्गदर्शन के जरिए यात्रियों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखें।
किस शहर में कितने परीक्षार्थी संभावित
रेलवे प्रशासन के अनुसार, भोपाल मंडल के क्षेत्राधिकार में आने वाले परीक्षा शहरों में इस बार कुल हजारों छात्र पहुंच रहे हैं। अनुमानित आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा भोपाल में 13,774 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके अलावा गुना में 1,839, विदिशा में 1,709, होशंगाबाद में 1,283 और अशोकनगर में 865 परीक्षार्थियों के परीक्षा में सम्मिलित होने की संभावना है। इन सभी स्टेशनों पर रेल प्रशासन को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचने की अपील
रेल प्रशासन ने परीक्षा देने आ रहे सभी अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से विशेष अनुरोध किया है कि वे भीड़भाड़ और यातायात को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा के लिए पर्याप्त समय लेकर ही स्टेशन पहुंचें। किसी भी प्रकार की असुविधा या मार्गदर्शन के लिए छात्र बेझिझक स्टेशनों पर बने हेल्प बूथ और रेलकर्मियों से संपर्क कर सकते हैं।







