योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन का आधार, राजधानी में युवाओं ने लिया सेहत का संकल्प

योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन का आधार, राजधानी में युवाओं ने लिया सेहत का संकल्प
भोपाल, यशभारत। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में राजधानी भोपाल पूरी तरह योग के रंग में सराबोर नजर आई। शहर के वीआईपी स्पॉट्स से लेकर खेल मैदानों तक, हर तरफ योग को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। इस कड़ी में मुख्य आयोजन टीटी नगर स्टेडियम में संपन्न हुआ, जहां केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग की मौजूदगी में हजारों की तादाद में नौजवानों और खिलाड़ियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम में युवाओं की उमड़ी भारी भीड़ इस बात का साफ संकेत है कि नई पीढ़ी अब अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर बेहद गंभीर हो चुकी है। सुबह की पहली किरण के साथ ही स्टेडियम परिसर में नागरिकों का तांता लगना शुरू हो गया था। सामूहिक आसन और प्राणायाम के दौरान पूरा परिसर अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया।
दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने युवाओं से आह्वान किया कि वे योग को महज एक दिन की गतिविधि न मानकर अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से न सिर्फ शारीरिक तंदुरुस्ती मिलती है, बल्कि इससे मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन भी हासिल होता है।
बड़ा तालाब पर दिखा विहंगम दृश्य
टीटी नगर के बाद खेल मंत्री विश्वास सारंग बोट क्लब पर आयोजित एक अन्य योग सत्र में शामिल हुए। प्रकृति की गोद में, तालाब के खूबसूरत किनारे पर हजारों युवाओं को एक साथ योग मुद्रा में देखना बेहद मनमोहक और प्रेरणादायी रहा। यहां युवाओं ने फिट इंडिया के तहत हमेशा निरोग और सक्रिय रहने का संकल्प लिया।
इस मौके पर मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजनरी प्रयासों के कारण ही आज भारतीय योग को वैश्विक पटल पर एक नई पहचान मिली है। दुनिया के 190 से ज्यादा देश आज भारत की इस प्राचीन धरोहर को अपनाकर इसे एक ग्लोबल हेल्थ मूवमेंट बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि भोपाल के युवाओं का यह जोश यह साबित करता है कि वे न केवल अपनी फिटनेस के प्रति सजग हैं, बल्कि देश के नव-निर्माण में भी अपना सक्रिय योगदान देने के लिए तैयार हैं।







