ट्रेक्टर की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत, बागेश्वर धाम से लौटते वक्त आरटीओ दफ्तर के पास हादसा

कटनी, यशभारत। कटनी-रीठी सडक़ मार्ग पर आरटीओ दफ्तर के पास बीती रात किसी अज्ञात वाहन ने एक दुपहिया वाहन में सीधी ठोकर मार दी। जिसमे एक युवक की मौके पर मौत हो गई और दूसरा युवक घायल हो गया। घायल युवक को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस मर्ग दर्ज कर जांच कर रही है। कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया ने बताया कि शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खमरोध निवासी 36 वर्षीय बबलू कुमार नट पिता रामसिंह नट अपने एक अन्य दोस्त के साथ अमलाई से दुपहिया वाहन में सवार होकर बागेश्वर धाम में दर्शन के लिए गए थे। बताया जाता है कि बाला जी महाराज के दर्शन के उपरांत वे मोटर साइकिल में सवार होकर वापस अमलाई जा रहे थे। इसी दौरान कटनी-दमोह सडक़ मार्ग पर कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आरटीओ दफ्तर के पास बीती रात किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में ठोकर मार दी। जिससे एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कुठला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मर्ग दर्ज करते हुए अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद ट्रेक्टर द्वारा दुर्घटना को अंजाम दिए जाने की जानकारी मिली है।
बहोरीबंद में पलटा ई-रिक्शा, दो घायल
बहोरीबंद थाना क्षेत्र के अंतर्गत उदयपुरा मोड़ बुधनवारा के पास एक तेज रफ्तार ई रिक्शा के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए एक्सीडेंट कर दिया। इस हादसे में मक्सूद खान और फरदीन खान को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसी तरह ढीमरखेड़ा में सडक़ हादसे में घायल की मौत हो गई। ग्राम सिमरिया में बीते 31 मई को हुए एक सडक़ हादसे में घायल राजू कोल 50 वर्ष निवासी ढीमरखेड़ा की इलाज के दौरान मौत हो गई। ढीमरखेड़ा पुलिस के उप निरीक्षक सुरेश चौधरी की ओर से इस मामले में मर्ग कायम कर जांच के बाद केस दर्ज किया गया है।







