मुरूम और रेत के बाद अब मिट्टी का उत्खनन, रीठी के अमगवां में जेसीव्ही लगाकर की जा रही मिट्टी की खुदाई, कलेक्टर के निर्देशों के बाद भी कार्रवाई नहीं कर रहा खनिज विभाग

कटनी/रीठी, यशभारत। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर कार्रवाई के लिए कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा निर्देशित किया गया है, लेकिन खनिज विभाग के अधिकारियों ने कलेक्टर के निर्देशों को रद्दी की टोकरी में डाल दिया है। आलम यह है कि कहीं मुरूम खुद रही है तो कहीं बेशकीमती खनिज संपदा का उत्खनन किया जा रहा है, तो कहीं नदियों का सीना चीरकर रेत निकाली जा रही है। ताजा मामला मिट्टी के उत्खनन और परिवहन का सामने आया है।
शिकायतों के मुताबिक रीठी तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत अमगवां में पाली छैघरा के पास रेल्वे लाईन के किनारे जेसीव्ही मशीन से मिट्टी की खुदाई की जा रही है। आधा दर्जन से अधिक ट्रेक्टर लगाकर अवैध तरीके से मिट्टी का परिवहन भी किया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक अवैध उत्खनन में लगे माफियाओं को क्षेत्र के एक जनप्रतिनिधि का भी संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते पुलिस और प्रशासन के अधिकारी चाहकर भी कुछ नहीं कर पा रहे। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले करीब एक सप्ताह से कतिपय लोगों द्वारा खुलेआम मिट्टी का उत्खनन किया जा रहा है। इसके बाद मिट्टी का परिवहन भी किया जा रहा है। पिछले दिनों गुरजीकला में भी दिनदहाड़े खनन और परिवहन किया जा रहा था, जिसकी सूचना रीठी तहसीलदार और बाद में कलेक्टर को भी दी गई थी लेकिन खनन माफिया पर कोई कारवाई नहीं होना यह दर्शाता है कि माफियाओं को नेताओं का संरक्षण प्राप्त है।
अवैध खनिज गतिविधियों पर कार्रवाई करें : कलेक्टर
पिछले दिनों कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान कहा था कि अवैध खनिज गतिविधियों की रोकथाम के लिए नियमित निगरानी और सतत कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने माइनिंग सर्विलांस सिस्टम एवं ई-चेक गेट जैसी तकनीकी व्यवस्थाओं का उपयोग बढ़ाते हुए निगरानी तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए थे लेकिन ऐसा लगता है कि खनिज विभाग के अधिकारियों पर कलेक्टर के निर्देशों का कोई असर नहीं हुआ।





