इस बार गर्मी में जले 335 ट्रांसफार्मर, 13 प्रतिशत लोड में बढ़ोत्तरी, 317 ट्रांसफार्मर बदले बिजली विभाग ने

कटनी, यशभारत। इस बार गर्मी के सीजन में लोड बढऩे और तकनीकी खराबी की वजह से तीन सौ से ज्यादा ट्रांसफार्मर आग के हवाले हो गए। ट्रांसफार्मर जलने की वजह से शहर में कई जगहों उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले साल की तुलना में इस वर्ष लगभग 13 प्रतिशत लोड वृद्धि दर्ज की गई है। जानकारी के मुताबिक जिले में 1 अप्रैल से अब तक बढ़ते विद्युत लोड और तकनीकी कारणों से 335 ट्रांसफार्मर खराब हो चुके हैं। ट्रांसफार्मर जलने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग ने 317 ट्रांसफार्मर को बदलकर बिजली आूपर्ति सुचारू की। विभागीय जानकारी के अनुसार 18 ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य अभी शेष है। इनमें से तीन ट्रांसफार्मर अगले एक-दो दिनों में स्थापित कर दिए जाएंगे तो वहीं 15 स्थान ऐसे हैं, जहां ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया बिजली बिल बकाया होने के कारण प्रभावित है। बिजली विभाग द्वारा उपभोक्ताओं से संपर्क कर बकाया राशि वसूली के प्रयास किए जा रहे हैं। बिजली विभाग ने बताया कि गर्मी से पहले ही जिले में 17 स्थानों पर ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि की गई थी तथा 3 स्थानों पर अतिरिक्त क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए गए थे, जिससे बढ़ते लोड के बावजूद आपूर्ति व्यवस्था को संतुलित रखा जा सके।
इनका कहना है
कार्यपालन यंत्री मुकेश महोबे ने बताया कि जिले में इस वर्ष लगभग 13 प्रतिशत लोड वृद्धि दर्ज की गई है, इसके बावजूद विद्युत व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार सुधार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार ट्रांसफार्मर फुंकने की घटनाएं कम रही हैं, जिससे स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है।







