शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण्, न्याय के लिए भटक रही पीडि़ता पहुंची एसपी के पास, बड़वारा पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, आरोपियों पर कार्रवाई न होने और जान से मारने की धमकी का लगाया आरोप

कटनी, यशभारत। बड़वारा थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवती को शादी का झांसा देकर 10 साल तक उसका शारीरिक शोषण किया गया और अब शिकायत दर्ज कराने के बाद भी स्थानीय पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। थक-हारकर पीडि़त युवती मंगलवार को न्याय की गुहार लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। पीडि़ता ने एसपी को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी युवक और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं और अपनी जान को खतरा बताया है।
एसपी को सौंपी गई लिखित शिकायत में पीडि़ता ने बताया कि बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम गणेशपुर निवासी प्रभात पटेल उर्फ छोटू ने उसे शादी का झांसा दिया और लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान पीडि़ता कई बार गर्भवती भी हुई, लेकिन आरोपी ने उसकी जानकारी के बिना धोखे से दवाइयां देकर उसका गर्भपात करा दिया। इस घिनौने कृत्य और लगातार हो रहे शोषण के कारण पीडि़ता का स्वास्थ्य भी लगातार गिरता चला गया। शिकायत के अनुसार दोनों बीते 17 दिसंबर 2025 को काम करने के सिलसिले में अहमदाबाद भी गए थे, जहां वे एक ही स्थान पर साथ रह रहे थे।
परिजनों ने जातिगत भेदभाव कर तय की दूसरी शादी
पीडि़ता ने बताया कि 2 फरवरी 2026 को वे दोनों परिवार में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए अहमदाबाद से वापस लौटे थे। वापस आते ही आरोपी प्रभात पटेल के माता-पिता, भाई और भाभी उसकी दूसरी शादी कराने का प्रयास करने लगे। जब पीडि़ता को इसकी भनक लगी और उसने आपत्ति जताई तो आरोपी युवक ने यह कहकर उसे गुमराह किया कि वह घर वालों के दबाव में है लेकिन शादी नहीं करेगा। पीडि़ता का आरोप है कि आरोपी के परिजनों ने जातिगत भेदभाव करते हुए उसे नीचा दिखाया और साफ कह दिया कि वे अपने से नीच जाति की लडक़ी से अपने बेटे की शादी नहीं करेंगे।
गांव छोडऩे के बहाने छीना मोबाइल
युवती का आरोप है कि जब 2 मार्च को पीडि़ता निजी काम से कटनी आई थी, तब वहां आरोपी प्रभात पटेल भी पहुंच गया और उसे गांव छोडऩे के बहाने उसका मोबाइल फोन छीन लिया, जिसमें दोनों की निजी तस्वीरें और उनके साथ होने के पुख्ता सबूत थे। अगले दिन जब पीडि़ता अपना मोबाइल वापस मांगने आरोपी के घर पहुंची तो आरोपी के पिता कौशलेन्द्र पटेल, माता मीना बाई, भाई कृष्णा व विवेक और भाभी प्रिया पटेल ने उसके साथ जमकर गाली गलौज व अभद्रता की और दोबारा वहां आने पर जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पीडि़ता के मुताबिक उसने इस मामले की शिकायत बड़वारा और महिला थाने में की थी। इसके बाद उसे वन स्टॉप सेंटर भी बुलाया गया, जहां आरोपी प्रभात पटेल ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बावजूद आरोपी रात के समय उसके घर आकर उसे साथ ले जाने का दबाव बनाता रहा। पीडि़ता का कहना है कि उसे शिकायत किए हुए 4 महीने का समय बीत चुका है लेकिन पुलिस के ढुलमुल रवैए के कारण आरोपी बेखौफ घूम रहे हैं। आरोपी और उसके परिजन लगातार पीड़िता को रास्ते में रोककर छेडख़ानी कर रहे हैं और शिकायत वापस लेने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं।
इनका कहना है
बड़वारा थाना क्षेत्र की एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दी है। शिकायत की जांच कराई जा रही है। जांच के बा जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर संबंधित आरोपियों के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
-अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक






