कटनी स्टेशन के निरीक्षण पर पहुंचे एडीआरएम अभय कुमार गुप्ता, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

कटनी, यशभारत। पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक अभय कुमार गुप्ता सोमवार को ट्रेन संख्या 12167 (एलटीटी-बनारस एक्सप्रेस) से कटनी जंक्शन पहुंचे। स्टेशन पहुंचने पर उन्होंने प्लेटफॉर्म और यात्री सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। एडीआरएम ने प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर उतरकर वहां की साफ-सफाई, यात्री बैठक व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को देखा। इसके बाद उन्होंने स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार (मेन गेट) का रुख किया। वहां यात्रियों के आने-जाने की व्यवस्था, टिकट काउंटरों और सुरक्षा चौकियों का बारीकी से मुआयना किया। निरीक्षण के दौरान एडीआरएम ने कटनी के स्थानीय रेलवे अधिकारियों और पर्यवेक्षकों के साथ बैठक की। उन्होंने स्टेशन की कार्यप्रणाली को सुधारने और यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कटनी स्टेशन का निरीक्षण पूरा करने के बाद एडीआरएम अभय कुमार गुप्ता न्यू कटनी जंक्शन (NKJ) के लिए रवाना हो गए, जहां वे रेलवे कॉलोनी, यार्ड और अन्य तकनीकी विभागों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान रेलवे के तमाम वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।







