
नशीली पाउडर के दो सप्लायर को मांडा पुलिस ने दबोचा
प्रयागराज। यमुनानगर के माण्डा थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए बंगलिया पहाड़ी के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 227 ग्राम अवैध अल्प्राजोलम नशीला पाउडर बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज कुमार बिन्द उर्फ लवकुश (28 वर्ष) पुत्र तिलकधारी निवासी टिकरी माण्डा प्रयागराज तथा राजू बिंद (27 वर्ष) पुत्र दयाराम बिंद निवासी ग्राम बागजुरावर कनेरा थाना जिगना, मिर्जापुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों को मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के संबंध में थाना माण्डा में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे नशीले पदार्थों की बिक्री कर अपने तथा अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के दिन भी वे ग्राहकों की तलाश में निकले थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, मुख्य आरोपी पंकज कुमार बिन्द उर्फ लवकुश के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें बीएनएस एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज मामले भी शामिल हैं।
इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हर्ष कुमार, उपनिरीक्षक विक्की कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल भरत यादव, कांस्टेबल संजय चौहान तथा कांस्टेबल विमलेश कुमार शामिल रहे।







