झाडिय़ों में छिपाकर रखी थी 300 पाव अवैध शराब, कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के साथ आरोपी को दबोचा, 18 हजार की शराब जब्त

्रकटनी, यशभारत। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शिकंजा के तहत कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 300 पाव 54 लीटर अवैध देशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 18 हजार रुपये बताई गई है। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आधारकाप स्थित गिरजा घाट के पास एक युवक झाडिय़ों में शराब छिपाकर बिक्री करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही खिरहनी पुलिस चौकी मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी छिप गया लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी अनुज निषाद 20 वर्ष निवासी आधारकाप से तलाशी के दौरान झाडिय़ों में रखे छह कार्टूनों से 180 एमएल की कुल 300 पाव देशी प्लेन मदिरा बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
कोतवाली और कुठला में 5 मामले दर्ज
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली और कुठला में अवैध शराब एवं मारपीट से जुड़े पांच पुराने प्रकरण पहले से दर्ज हैं। थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कोतवाली पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इससे एक दिन पहले भी खिरहनी फाटक क्षेत्र में स्मैक तस्करी के मामले में एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया था। कार्रवाई में चौकी प्रभारी खिरहनी उपनिरीक्षक किशोर द्विवेदी, सहायक उपनिरीक्षक रामेश्वर प्रसाद पटेल सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







