नाबालिक किशोरी का अपहरण कर दुष्कृत्य, बिलहरी पुलिस ने इंदौर से बालिका को किया बरामद, आरोपी को भेजा जेल

कटनी, यशभारत। कुठला थाना बिलहरी पुलिस के अंतर्गत एक नाबालिक किशोरी का अपहरण कर इंदौर ले जाकर दुष्कृत्य करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के बाद बालिका को सकुशल बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया। बिलहरी पुलिस चौकी प्रभारी सुयश पाण्डेय ने बताया कि विगत 24 मई को एक व्यक्ति ने कुठला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 16 वर्ष 8 माह की पुत्री घर से अचानक लापता हो गई है। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। जिस पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 137 (2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलहरी चौकी एवं कुठला पुलिस ने परंपरागत और तकनीकी संसाधनों की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान नाबालिग बालिका के इंदौर में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल इंदौर रवाना हुई और बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। वैधानिक कार्रवाई के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बहला-फुसलाकर दुष्कृत्य
बालिका से पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ इंदौर ले गया और उसके साथ गलत काम किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल कटनी भेज दिया गया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बिलहरी उपनिरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक राम सिंह, प्रधान आरक्षक भरत विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक संदीप भलावी, आरक्षक लव उपाध्याय सहित अन्य पुलिस कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।







