7,305 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप मामले में बड़ा एक्शन – थोक दवा लाइसेंस निलंबित

7,305 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप मामले में बड़ा एक्शन – थोक दवा लाइसेंस निलंबित
भोपाल, यश भारत । राजधानी में हजारों लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप की बरामदगी के मामले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होशंगाबाद रोड स्थित अर्जुन ट्रेडर्स का थोक औषधि लाइसेंस निलंबित कर दिया है। जांच में सामने आया कि बरामद कोडीन युक्त सिरप संबंधित फर्म के लाइसेंस पर मंगाया गया था, जिसके बाद विभाग ने स्टोर को सील कर संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार नोटिस दुकान और संचालक के आवासीय पते दोनों स्थानों पर भेजा गया था, लेकिन तय समयावधि में कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ। इसके चलते आगामी आदेश तक लाइसेंस निलंबित करने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सीलबंद परिसर अब केवल औषधि निरीक्षक की मौजूदगी में ही खोला जाएगा।
मामले की जांच अब सप्लाई नेटवर्क तक पहुंच गई है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि संबंधित कफ सिरप किन मेडिकल स्टोर्स और जिलों तक पहुंचाया गया। भोपाल सहित आसपास के जिलों में बिक्री और वितरण से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड स्थित दवा निर्माता कंपनियों के साथ दिल्ली के डिस्ट्रीब्यूटर से भी विस्तृत जानकारी मांगी गई है।







