3 पेटी अवैध शराब जब्त : माफियाओं में हड़कंप, ऐसे होता हैै पूरा खेल…

पथरियाl दमोह जिले में ग्रामीण क्षेत्रों तक फैले अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ भगवती मानव कल्याण संगठन का नशा विरोधी अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। संगठन की इस सक्रियता से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
इसी कड़ी में संगठन की पथरिया शाखा के कार्यकर्ताओं ने पथरिया तहसील के चिरौला-पिपरौधा मार्ग पर घेराबंदी कर 3 पेटी अवैध शराब (2 पेटी देशी प्लेन और 1 पेटी देशी लाल मसाला) जब्त की। मौके से एक टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। इस मामले में गोलू सिंह और महेंद्र सिंह को आरोपी बताया गया है। कार्यकर्ताओं ने जब्त माल की सूचना संबंधित विभाग को देकर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
उठ रहे सवाल: जिले में शराब दुकानों से वाहनों के जरिए गांवों में धड़ल्ले से हो रही अवैध सप्लाई और संगठन द्वारा लगातार पकड़ी जा रही शराब ने पुलिस व आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में अब पुलिस कप्तान से अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग और तेज हो गई है।







