मुख्यमंत्री के बयान पर कांग्रेस भड़की, सोशल मीडिया पर उबाल के बीच आज होगा विरोध प्रदर्शन
बयान के बाद तीखी प्रतिक्रियाएं, पुतला दहन स्थगित कर गांधीवादी तरीके से विरोध की रणनीति तय

मुख्यमंत्री के बयान पर कांग्रेस भड़की, सोशल मीडिया पर उबाल के बीच आज होगा विरोध प्रदर्शन
बयान के बाद तीखी प्रतिक्रियाएं, पुतला दहन स्थगित कर गांधीवादी तरीके से विरोध की रणनीति तय
कटनी,यशभारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कथित अमर्यादित बयान को लेकर कांग्रेस में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। बयान सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में तीखी नाराजगी फैल गई और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सरकार के खिलाफ कड़ी प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।
स्थिति यह रही कि जिलेभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए विरोध दर्ज कराया और कई स्थानों पर पुतला दहन सहित उग्र विरोध कार्यक्रमों की प्रारंभिक रूपरेखा भी तैयार कर ली गई थी।
हालांकि शीर्ष नेतृत्व के निर्देश के बाद जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई एवं अन्य सभी प्रकोष्ठों ने प्रस्तावित पुतला दहन कार्यक्रम को स्थगित करते हुए विरोध का स्वरूप बदल दिया है। अब पार्टी गांधीवादी और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला स्तरीय विरोध प्रदर्शन आज सोमवार 01 जून को शाम 6:00 बजे, शहर के पुरानी कचहरी चौराहा, कटनी में आयोजित किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों के शामिल होने की संभावना है।
जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला तथा ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व विधायक सौरभ सिंह ने कहा कि कांग्रेस हमेशा गांधीवादी विचारधारा और लोकतांत्रिक मूल्यों की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि अमर्यादित भाषा शैली का विरोध पार्टी हमेशा सशक्त लेकिन शांतिपूर्ण तरीके से करती रही है और आगे भी करती रहेगी। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जनता की तीखी प्रतिक्रियाएं इस बात का संकेत हैं कि लोग अब सब देख और समझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ही भाजपा का “चाल, चरित्र और चेहरा” तय करेगी।
कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस संगठन ने सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने की अपील की है।







