पिता की डांट के बाद उठाया खौफनाक कदम – 12वीं पास छात्रा की सल्फास खाने से मौत

पिता की डांट के बाद उठाया खौफनाक कदम
– 12वीं पास छात्रा की सल्फास खाने से मौत
भोपाल, यश भारत। राजधानी के गुनगा थाना क्षेत्र में एक होनहार छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों के मुताबिक, मोबाइल फोन चलाने को लेकर पिता की नाराजगी के बाद छात्रा ने सल्फास खा लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस के अनुसार, रतुआ गांव निवासी 17 वर्षीय खुशी कुशवाहा ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी। वह आगे की पढ़ाई के लिए कॉलेज में प्रवेश लेने की तैयारी कर रही थी। शनिवार देर रात वह मोबाइल फोन का उपयोग कर रही थी, तभी उसके पिता ने उसे फटकार लगा दी।
बताया जाता है कि इसके बाद खुशी घर के बाथरूम में चली गई। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। पूछने पर उसने सल्फास खाने की जानकारी दी। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान रविवार तड़के उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







