शराब के लिए अड़ीबाजी करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार, पैसे न देने पर किया था हमला

शराब के लिए अड़ीबाजी करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार, पैसे न देने पर किया था हमला
भोपाल, यशभारत। राजधानी के हनुमानगंज थाना इलाके में राह चलते एक व्यक्ति को रोककर गाली-गलौज करने और शराब के लिए पैसे न देने पर धारदार हथियार से हमला करने वाले दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है और उनके पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया है।
हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि फरियादी इरफान निवासी काजीकैंप ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी के मुताबिक, 28 मई को काजीकैंप गली नंबर 01 के पास उसे इलाके के दो बदमाश सोहिल उर्फ तौसिफ और उसका भाई समीर मिले। दोनों ने उसे रोककर गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया और शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की मांग की।
जब इरफान ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी समीर ने उसे दबोच लिया और तौसिफ ने किसी धारदार चीज से उसके बाएं हाथ पर हमला कर दिया। हमले में इरफान के अंगूठे में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में लिया।
अड़ीबाजी और मारपीट की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को काजीकैंप से गिरफ्तार कर लिया।







