देश

178 विद्यार्थियों को मिली नौकरी, पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में कैंपस प्लेसमेंट के माध्‍यम से मिला रोजगार

कटनी, यशभारत। शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में सत्र 2025-26 के दौरान कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हुए हैं। इस सत्र में संस्था के कुल 178 विद्यार्थियों का चयन देश की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ है, जिससे संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रशिक्षण व्यवस्था का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
संस्था की सभी ब्रांच के विद्यार्थियों को प्लेसमेंट में सफलता मिली है। ब्रांचवार चयन की बात करें तो मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 88, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के 62, सिविल इंजीनियरिंग के 18 तथा कंप्यूटर साइंस के 10 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में वर्तमान सत्र के साथ-साथ वर्ष 2025, 2024 एवं 2023 में उत्तीर्ण कुछ भूतपूर्व विद्यार्थी भी शामिल हैं, जिन्होंने चयन प्रक्रिया में भाग लेकर सफलता हासिल की। महाविद्यालय में कैंपस प्लेसमेंट हेतु कई कंपनियों ने ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से चयन प्रक्रिया पूरी की। कुछ कंपनियों ने संस्था में आकर सीधे इंटरव्यू आयोजित किए, जबकि अन्य ने ऑनलाइन टेस्ट एवं इंटरव्यू के माध्यम से उम्मीदवारों का चयन किया। चयनित अधिकांश विद्यार्थी जून 2026 में आयोजित होने वाली अंतिम सेमेस्टर परीक्षा में शामिल होंगे। कैंपस प्लेसमेंट में भाग लेने वाली प्रमुख कंपनियों में एल एंड टी (मुंबई), वॉल्वो आइशर (देवास), मारुति सुजुकी (गुरुग्राम), सिएट टायर्स (मुंबई), डाइकिन एयर कंडीशनिंग, टीवीएस सप्लाई चेन लिमिटेड, जय हिन्द इंडस्ट्रीज (पुणे), एसकेएच मेटल्स, सुब्रोस लिमिटेड (नोएडा), मुंद्रा सोलर और विंड वर्ल्ड जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल रहीं। महाविद्यालय प्रबंधन के अनुसार, कैंपस प्लेसमेंट की प्रक्रिया अभी भी जारी है, जिससे आगामी दिनों में चयनित विद्यार्थियों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।IMG 20260526 WA1078

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button