ब्रेकिंग : अजयगढ़ के नयापुरवा में कुआं धसका, 5 मजदूर दबे, एक शव बाहर, बाकी 4 को निकालने रेस्क्यू जारी

कटनी/ पन्ना, यशभारत। अजयगढ़ के गांव नयापुरवा में कुएं की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया है। मिट्टी धंसने से 5 मजदूर कुएं में दब गए, जिसमें एक मजदूर का शव बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 4 मजदूरों को निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी है।
मामला अजयगढ़ जनपद के ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा का है, जहां बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले करीब 10 दिनों से कुएं की खुदाई का काम चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अचानक कुएं की भुसभुसी मिट्टी भरभराकर धंस गई। हादसे के वक्त 5 मजदूर कुएं के अंदर काम कर रहे थे, जबकि दो मजदूर पानी पीने के लिए ऊपर आए हुए थे। हादसे में चुन्नू यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव और चुनवाद पाल समेत 5 मजदूर मलबे में दब गए। रेस्क्यू के दौरान राजकुमार यादव का शव बाहर निकाल लिया गया है, जबकि बाकी मजदूरों की तलाश जारी है। मौके पर पुलिस, राजस्व अमला और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं। इस दर्दनाक हादसे ने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं। आखिर भुसभुसी और कमजोर मिट्टी वाले इलाके में कुएं की खुदाई किस आधार पर कराई जा रही थी? क्या तकनीकी जांच हुई थी? क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं? अब पूरे मामले में प्रशासनिक जांच और जिम्मेदारों की जवाबदेही पर निगाहें टिकी हैं।








