ट्विशा शर्मा मौत मामला: दूसरे पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार, आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई

ट्विशा शर्मा मौत मामला: दूसरे पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार, आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई
भोपाल, यशभारत। पूर्व मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला अब देश की सर्वोच्च अदालत तक पहुंच गया है। हाईकोर्ट के आदेश पर भोपाल में एम्स दिल्ली की टीम द्वारा किए गए दूसरे पोस्टमार्टम के बाद रविवार को ट्विशा का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस बीच, आज सुप्रीम कोर्ट में इस पूरे मामले को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण सुनवाई होने जा रही है, जिस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट की विशेष बेंच, जिसमें जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस विपुल एम. पंचोली शामिल हैं, आज तीन प्रमुख बिंदुओं पर विचार करेगी। अदालत मुख्य रूप से एम्स दिल्ली के डॉक्टरों द्वारा सौंपे गए दूसरे पोस्टमार्टम की रिपोर्ट, मध्य प्रदेश की स्थानीय पुलिस द्वारा अब तक की गई जांच प्रक्रिया और इस मामले में मध्य प्रदेश स्थित एम्स अस्पताल की भूमिका की समीक्षा करेगी।
ससुराल में हुई थी संदिग्ध मौत
गौरतलब है कि बीते 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में ट्विशा शर्मा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर ट्विशा के मायके पक्ष ने गंभीर सवाल उठाए थे और सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका जताई थी। परिवार का आरोप है कि मौत के तुरंत बाद कुछ प्रभावशाली लोगों और सीसीटीवी तकनीशियनों को फोन किए गए थे। परिवार के विरोध के बाद हाईकोर्ट ने दोबारा पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए थे, जिसकी पूरी वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
पति 7 दिन की पुलिस रिमांड पर
इस मामले में कानूनी कार्रवाई तेज करते हुए पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह को गिरफ्तार कर 7 दिनों की रिमांड पर लिया है। समर्थ पर दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोप दर्ज किए गए हैं। वहीं दूसरी ओर, मामले से जुड़ीं गिरिबाला सिंह की जमानत को रद्द कराने के लिए भी हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। आज सुप्रीम कोर्ट में होने वाली इस सुनवाई से तय होगा कि मामले की जांच आगे किस दिशा में बढ़ेगी।







