निसर्ग वाटर पार्क में दर्दनाक हादसा: करंट लगने से युवक की मौत, दोस्तों के साथ घूमने गया था युवक, इलाज से पहले ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के बड़ा पत्थर झंडा चौक निवासी एक युवक की बरेला स्थित निसर्ग वाटर पार्क में करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद वाटर पार्क में अफरा-तफरी मच गई। युवक को गंभीर हालत में तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दोस्तों के साथ वाटर पार्क घूमने गया था युवक
जानकारी के अनुसार बड़ा पत्थर झंडा चौक निवासी साजन विश्वकर्मा उम्र 21 वर्ष अपने तीन दोस्तों के साथ बरेला स्थित निसर्ग वाटर पार्क घूमने गया हुआ था। इसी दौरान पार्क में लगी फिसल पट्टी के पास हादसा हो गया।
रेलिंग के पाइप में फैला था करंट
बताया जा रहा है कि फिसल पट्टी के पास लगी रेलिंग के पाइप में अचानक करंट फैल गया था। साजन जैसे ही पाइप के संपर्क में आया, वह करंट की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर मौजूद लोग घबरा गए और तुरंत उसे बचाने का प्रयास किया गया।
विक्टोरिया अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद दोस्तों और पार्क कर्मचारियों की मदद से साजन को इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद वाटर पार्क की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला करंट लगने से मौत का बताया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाटर पार्क प्रबंधन की लापरवाही तो हादसे की वजह नहीं बनी।







