मेडिकल स्टोर्स का अनेक शिकायतों के बाद औचक निरीक्षण : एक दुकान सील

सतना , यश भारत।सतना जिले के कोटर क्षेत्र में नशीली दवाओं के अवैध विक्रय की शिकायतों के बाद प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार ड्रग इंस्पेक्टर प्रियंका चौबे, डीएसपी हेडक्वार्टर मनोज दीक्षित एवं कोटर थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा की टीम ने कोटर स्थित जागृति मेडिकल स्टोर और आस्था मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण किया।
सूत्रों के मुताबिक अंकित सोनी एवं अमित सोनी द्वारा संचालित मेडिकल दुकानों पर कोरेक्स सहित नशीली दवाओं के विक्रय कर अवैध लाभ कमाने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों की तस्दीक के लिए पुलिस एवं ड्रग विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
जागृति मेडिकल स्टोर में संचालक अमित सोनी की मौजूदगी में दुकान में रखी दवाइयों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस द्वारा मौके पर पंचनामा भी तैयार किया गया। वहीं आस्था मेडिकल स्टोर की जांच के दौरान दुकान खुली मिली, लेकिन संचालक मौके पर उपस्थित नहीं था। अधिकारियों द्वारा कई बार संपर्क करने के बावजूद संचालक के नहीं पहुंचने पर प्रशासन ने दुकान को सील कर दिया।
कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति देखी गई। पुलिस एवं ड्रग विभाग का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दस्तावेजों एवं दवाओं की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







