मध्य प्रदेशराज्य

जेठ ने बहू पर कुल्हाड़ी से किया हमला : नवविवाहिता की मौत… क्षेत्र में हड़कंप 

 

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजरी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां शुक्रवार सुबह एक नवविवाहिता की कुल्हाड़ी से हमला किए जाने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक महिला का नाम सरिता मरकाम (23) पति बबलू मरकाम निवासी ग्राम खजरी बताया गया है। सरिता का विवाह अभी हाल ही में 10 मई को हुआ था। शादी के कुछ ही दिनों बाद हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह मानसिक रूप से बीमार महिला के जेठ ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में सरिता गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही घंसौर थाना पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं।

प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी जेठ मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घंसौर थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह झारिया ने बताया कि मृतका के भाई द्वारा सूचना दी गई कि उसके बड़े भाई ने कुल्हाड़ी मारकर सरिता की हत्या कर दी। मामले में जांच जारी है तथा आरोपी के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

ग्राम खजरी में हुई इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल बना हुआ है। अभी यह पता नही चल पाया है कि महिला के जेठ ने किस कारण से कुल्हाड़ी मारी जिससे महिला की मौत हो गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button