मध्य प्रदेशराज्य

सनसनी: कुएं में पत्थर से बंधे मिले मां और 3 साल की मासूम बेटी के शव, हत्या या आत्महत्या , पुलिस जांच जारी

शवों के मिलते ही फैली क्षेत्र में दहशत; बहेरिया पुलिस और FSL टीम ने साक्ष्य जुटाकर शुरू की गहन जांच

 

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ शहर के सीमावर्ती बहेरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सड़ेरी में उस वक्त रूह कँपा देने वाली सनसनी फैल गई, जब एक खेत में बने कुएं के भीतर मां और उसकी मासूम बच्ची के शव तैरते हुए पाए गए। दिल दहला देने वाली बात यह है कि मां और 3 साल की मासूम बेटी के शव एक भारी पत्थर के सहारे बंधे हुए मिले हैं। इस खौफनाक दृश्य को देखते ही पूरे इलाके में भारी दहशत और मातम का माहौल छा गया। घटना की सूचना मिलते ही बहेरिया थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शवों को कुएं से बाहर निकलवाकर मामले की जांच शुरू की।

घटनाक्रम के बारे में यश भारत के संभागीय ब्यूरो को मिली जानकारी के अनुसार सड़ेरी गांव के एक कुएं में ग्रामीणों ने शवों को उतराते हुए देखा था। जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मृतकों की शिनाख्त मां और उसकी 3 वर्षीय मासूम बेटी के रूप में की गई है। प्रथम दृष्टया, शवों के पत्थर से बंधे होने की स्थिति ने इस पूरे मामले को बेहद पेचीदा और संदिग्ध बना दिया है। घटना स्थल की स्थिति को देखते हुए यह सीधे तौर पर एक नृशंस हत्या की ओर इशारा कर रहा है, या फिर यह किसी गहरे पारिवारिक विवाद व प्रताड़ना के चलते उठाया गया आत्मघाती कदम (आत्महत्या) है— यह अब पुलिस के लिए एक बड़ा और गंभीर जांच का विषय बन गया है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बहेरिया पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कई अहम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने और परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस मृतिका के करीबियों और ग्रामीणों से सख्ती से पूछताछ कर रही है, ताकि इस खौफनाक रहस्य से पर्दा उठाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button