दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता: 3 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक कुल 5 पहुंचे सलाखों के पीछे

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ थाना सानौधा अंतर्गत चौकी शाहपुर क्षेत्र के बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में सागर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में थाना मोतीनगर एवं सानौधा पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित व वैज्ञानिक विवेचना करते हुए प्रकरण में शामिल 3 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
उल्लेखनीय है कि 8 मई 2026 की रात शाहपुर में शराब बेचने के संदेह को लेकर आरोपी नीलेश अहिरवार, भगवत पटेल, अंशुल यादव, छोटू उर्फ हर्ष सिंह लोधी और अभिषेक पटेल आदि ने रास्ता रोककर गाली-गलौज की थी। आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए लाठी और लोहे की रॉड से बेरहमी से मारपीट की थी, जिसमें नीरज प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि घायल सूरज अहिरवार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। सानौधा पुलिस ने मामले में बीएनएस (BNS) और एससी/एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 128/26 दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी डॉ. संजीव उइके, एडिशनल एसपी लोकेश कुमार सिन्हा एवं सीएसपी ललित कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में विशेष टीमों का गठन किया गया। मोतीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत और सानौधा थाना प्रभारी निरीक्षक भरत सिंह ठाकुर के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस टीमों ने कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान 21 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि संदेही आरोपी सत्यपाल लोधी अपने दो साथियों के साथ भोपाल रोड जैसीनगर तिगड्डा के पास बाहर भागने की फिराक में खड़ा है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी सत्यपाल लोधी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह मुख्य आरोपी छोटू उर्फ हर्ष लोधी के साथ शाहपुर शराब कंपनी में काम करता था और हत्याकांड में शामिल था। वारदात को दुर्घटना का रूप देने के लिए उसने पुलिस को भ्रामक सूचना दी थी और अपने साथी पुष्पेंद्र लोधी व संदीप लोधी की मदद से फरारी काटने की योजना बना रहा था। इसके लिए उसने शराब कंपनी के खाते से पैसे पुष्पेंद्र और संदीप के खातों में ट्रांसफर किए थे।
पुलिस ने सत्यपाल के पास से मुख्य आरोपी छोटू लोधी का मोबाइल फोन भी जप्त किया है, जिसमें घटना से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। आदतन अपराधी सत्यपाल सहित तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस की इस त्वरित और सूझबूझ भरी कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।







