कार्यवाही : उद्योग विभाग की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने चला प्रशासन का बुलडोजर

गोटेगांव ।जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बगासपुर में उद्योग विभाग की शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और बुलडोजर की मदद से अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की गई।
बताया गया है कि प्रशासन द्वारा पूर्व में अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर स्वेच्छा से कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन समयसीमा के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए आज कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन सहित अन्य संबंधित विभागों का अमला मौके पर मौजूद रहा, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। एसडीएम संघमित्रा गौतम ने बताया कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।







