जबलपुर,यश भारत. पुलिस महकमे में देर रात उस वक्त हलचल तेज हो गई, जब पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने एक साथ कई थाना और चौकी प्रभारियों के तबादला आदेश जारी कर दिए। कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा थाना स्तर की कार्यप्रणाली में कसावट लाने के उद्देश्य से किए गए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल ने विभाग में चर्चाओं का दौर शुरू कर दिया है।जारी आदेश के अनुसार सिविल लाइन थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच किया गया है। उनकी जगह पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक कन्हैया सिंह बघेल को सिविल लाइन थाने की कमान सौंपी गई है। शहर के सबसे संवेदनशील और व्यस्त थानों में शामिल सिविल लाइन में यह बदलाव काफी अहम माना जा रहा है।वहीं निरीक्षक अनिल पटेल को विजय नगर थाना प्रभारी बनाया गया है। इस फेरबदल में महिला अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। महिला टीआई सरोजिनी को चरगवां थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। विभाग इसे महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम कदम मान रहा है।दूसरी ओर चरगवां थाना प्रभारी अभिषेक प्यासी को बरगी नगर चौकी प्रभारी बनाया गया है। वहीं बरगी नगर चौकी में पदस्थ सरिता पटेल को उखरी चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।