दो इलाकों में मामूली विवाद पर खूनी संघर्ष, चाकू और तलवार से जानलेवा हमला

दो इलाकों में मामूली विवाद पर खूनी संघर्ष, चाकू और तलवार से जानलेवा हमला
भोपाल, यशभारत। राजधानी में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बदमाशों ने दो अलग-अलग थाना इलाकों में मामूली विवाद पर जानलेवा हमला कर दिया। कहीं सरेराह चाकू चले तो कहीं खुलेआम तलवारें चमकीं। इन दोनों ही वारदातों में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
वारदात-1: ऐशबाग में घेराबंदी कर प्रशांत को गोदा
पहली घटना ऐशबाग थाना इलाके की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यहाँ मामूली बात को लेकर हुए विवाद में दबंगई दिखाते हुए आरोपी अमन सोनी, निक्की, कालू उर्फ निलेश, छोटू और उनके साथियों ने पीयूष और उसके दोस्त प्रशांत को घेर लिया। आरोपियों ने पहले दोनों के साथ जमकर मारपीट की और गाली-गलौज की। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने प्रशांत पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। प्रशांत को लहूलुहान हालत में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए।
वारदात-2: टीटी नगर के डिपो चौराहे पर सरेराह तलवारबाजी
वहीं दूसरी वारदात शहर के वीआईपी और व्यस्ततम टीटी नगर थाना इलाके के डिपो चौराहे पर हुई। यहाँ दीपक रैकवार नामक युवक का अनिल चंदेल और उसके साथी से किसी बात पर विवाद हो गया। देखते ही देखते अनिल और उसके साथी ने तैश में आकर दीपक पर तलवार से हमला कर दिया। सरेराह हुई इस तलवारबाजी से चौराहे पर हड़कंप मच गया। हमले में दीपक गंभीर रूप से जख्मी हुआ है।
दोनों ही मामलों में ऐशबाग और टीटी नगर थाना पुलिस ने पीड़ितों के बयानों के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।







