कटनी

घायलों का रेस्क्यू कर रहे अमदरा टीआई को ट्रक ने मारी ठोकर, गंभीर घायल, नेशनल हाईवे 30 में रोहनिया के पास हादसा, दो की मौत, दो दर्जन घायल

कटनी, यशभारत। नेशनल हाईवे पर कटनी-मैहर सडक़ मार्ग पर ग्राम रोहनिया के निकट सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात एक के बाद एक दो सडक़ हादसे हो गए। पहले ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को ठोकर मार दी, जिसमें एक पुरूष एवं एक महिला की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची जब अमदरा पुलिस मौके पर पहुंची तो पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने पुलिस कर्मियों को ठोकर मार दी। इस दुर्घटना में अमदरा थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी बुरी तरह घायल हो गए। उनके दोनों पैरों में गंभीर चोट आई। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर करीब दो दर्जन लोग मैहर में माता शारदा के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम रोहनिया के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रॉली में सवार वीरेन्द्र सिंह पिता स्व. रामखेलावन सिंह 48 वर्ष ग्राम रोहनियाखुर्द थाना अमदरा एवं रजनी पटेल पति राजेश पटेल उम्र 30 ग्राम बडग़ांव थाना रीठी की मौत हो गई और दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर अमदरा थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए भेजने की व्यवस्था कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने खड़े वाहन को ठोकर मार दी। इस हादसे में अमदरा थाना प्रभारी बुरी तरह घायल हो गए। थाना प्रभारी को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर भेज दिया गया है। पहले हादसे में घायल लोगों का इलाज मैहर सिविल अस्पताल में चल रहा है।
कार ने मारी बाइक में ठोकर, दो युवकों की मौत
इमलिया से ताला मानपुर मार्ग पर सोमवार सुबह हुए भीषण सडक़ हादसे में दो बाइक सवार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हैदर खान 40 वर्ष निवासी मानपुर तथा अनिल रिक पिता पहलू रिक अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 54 एमडी 9793 से काम के सिलसिले में ताला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान इरमसनिया मोड़ के पास तेज रफ्तार कार क्रमांक एमपी 54 सीए 2095 ने सामने से आकर बाइक को जोरदार ठोकर मार दी। ठोकर इतनी भीषण थी कि हैदर खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अनिल रिक को तत्काल ताला पुलिस चौकी के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई तथा शोक एवं आक्रोश का माहौल बन गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button