पेट्रोल-डीजल फिर हुआ महंगा, एक हफ्ते में दूसरी बार बढ़े दाम
आम लोगों की जेब पर महंगाई का बोझ बढ़ा

जबलपुर,यशभारत। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और वैश्विक तनाव का असर अब घरेलू बाजार में दिखाई देने लगा है। 15 मई को पेट्रोल-डीजल के दामों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद 19 मई को सरकारी तेल कंपनियों ने फिर ईंधन की कीमतों में मामूली इजाफा कर दिया। हालांकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम फिलहाल स्थिर रखे गए हैं।
मध्य प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल 9 पैसे से लेकर 1.16 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हुआ है, जबकि डीजल की कीमतों में 10 पैसे से 1.65 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जबलपुर में पेट्रोल अब 110.79 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.98 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
वहीं नई दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे महंगा होकर 98.64 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। डीजल के दाम में 91 पैसे की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गई है। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों से आम लोगों की जेब पर महंगाई का बोझ और बढ़ गया है।







