संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर मिला युवक का शव : परिजनों ने जताई हत्या की आशंका…. क्षेत्र में हड़कंप

सतना /मैहर यश भारत । जिले के देवीजी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एलएंडटी कंपनी के गार्ड रूम में एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
बताया जा रहा है कि युवक एलएंडटी कंपनी में कार्यरत था। सुबह गार्ड रूम के भीतर उसका शव संदिग्ध अवस्था में लटका मिला। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है।
मामले को लेकर परिजनों ने जिला अस्पताल के सामने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सीएसपी महेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाइश दी। वहीं एलएंडटी कंपनी के अधिकारी भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सकता है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार युवक घटना से पहले एक युवती से फोन पर बात कर रहा था और इसी दौरान उसने अपने कार्यस्थल पर फांसी लगा ली।
काफी देर तक चले हंगामे और बातचीत के बाद मामला शांत हुआ। कंपनी प्रबंधन की ओर से मृतक के परिजनों को 6 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने पर सहमति बनी। साथ ही अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रुपए अलग से प्रदान किए गए। इसके बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






