महिला की हत्या कर शव के साथ दुष्कर्म, पन्ना के अजयगढ़ थाना क्षेत्र के माधोगंज का मामला, चोरी की नियत से घुसा था आरोपी, 5 साल के बच्चे की भी हत्या, 7 माह बाद अंधे हत्याकांड का खुलासा, मैहर से आरोपी गिरफ्तार

कटनी/पवई, यशभारत। चोरी की नीयत से घर में घुसे पड़ोस के एक व्यक्ति ने पहले तो महिला की गला घोंटकर निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी और फिर महिला के शव के साथ दरिन्दगी करते हुए दुष्कर्म भी किया। इसी दौरान महिला का 5 साल का बेटा गहरी नींद से जग गया, आरोपी ने पकड़े जाने के डर से उसकी भी हत्या कर दी। पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत माधोगंज में करीब 7 महीने पहले हुए दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को मैहर से गिरफ्तार किया है। पत्रकारवार्ता में एसपी श्रीमती निवेदिता नायडू ने बताया कि मृतिका के जेठ रामनरेश कुशवाहा ने 17 सितम्बर 2025 को अजयगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके छोटे भाई की पत्नी सोनू कुशवाहा एवं उसके 5 साल के बेटे की रात में किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी है। रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया। एसपी के निर्देशन, एएसपी वन्दना चौहान एवं एसडीओपी अजयगढ़ राजीव सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में अजयगढ़ थाना प्रभारी व धरमपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में सायबर सेल टीम पन्ना को शामिल करते हुये 2 विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमो द्वारा घटनास्थल के आसपास एवं संभावित रूट के 200 से अधिक सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले गए। घटनास्थल के आसपास, रिश्तेदारों एवं संभावित संदिग्ध व्यक्तियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। इसके अलावा रहुनिया मोहल्ले एवं उसके आसपास किराये से रह रहे बाहरी व्यक्तियों के बारे मे जानकरी एकत्रित की गई। जिस पर पता चला कि रहुनियां मोहल्जे में रह रहा इन्द्रभान साकेत घटना के बाद कमरा खाली करके चला गया था। जिस पर पुलिस ने उसकी जानकारी एकत्रित की। उसकी हर गतिविधि नजर रखी और संदेह होने पर उसे ग्राम खोमरहा रामनगर मैहर से गिरफ्तार कर अजयगढ़ लाकर कड़ाई से पूछताछ की गई।
आरोपी ने पुलिस को बताई ये कहानी
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वो अपनी पत्नी को लेकर मजदूरी करने जीजा के पास अजयगढ़ आया था और माधवगंज मोहल्ले में किराए से कमरा लेकर पत्नी के साथ रहने लगा था। साढ़े 7 माह पहले रहुनिया मोहल्ला माधवगंज में किराना की दुकान चलाने वाली सोनू कुशवाहा के घर में चोरी करने की योजना बनाई। रात 11.30 बजे उसके घर का दरवाजा खटखटाया। सोनू ने दरवाजा खोला तो आरोपी ने उसका मुंह पकडक़र दबाया और जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उसकी साड़ी को उसके गले में लपेटकर गमछे को मुंह में ठंूसकर उसकी हत्या कर दी। फिर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान उसका एक बेटा नींद से जग गया तो उसका भी गला दबाकर हत्या कर दी। फिर रूपयो के लिये उसके घर की सामान की तलाशी ली तो उसके पीछे वाले कमरे मे दाल चावल के डिब्बो मे नगद रूपये व सिक्के लगभग 650 रूपये के मुझे मिले थे। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मिनचिन सागर तालाब से होकर रात करीब 2 बजे अपने किराये के कमरे मे माधवगंज अजयगढ़ में आ गया था। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायायल पेश किया गया।
इनका रहा सराहनीय योगदान
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी अजयगढ़ हरि सिंह ठाकुर, थाना प्रभारी धरमपुर अनिल सिंह राजपूत, एएसआई विक्रम सिंह, प्रधान आरक्षक जयेन्द्र पाल, राजकुमार अहिरवार, महिला प्रधान आरक्षक राजकुंवर, आरक्षक भूरी सिंह, रामनरेश गुप्ता, मनोज पटेल, रोहित मिश्रा, रामलखन पटेल एवं सायबर सेल टीम का सराहनीय योगदान रहा।







