ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार : 30 लीटर ऑयल, बाइक व मोबाइल जब्त, बरघाट पुलिस की कार्रवाई

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले में ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बरघाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मंगलवार दोपहर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 30 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल, एक मोटरसाइकिल और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 73 हजार 900 रुपये बताई गई है।
बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश सिंह बैस ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में विद्युत ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है।
जानकारी के अनुसार 11 मई 2026 को कनिष्ठ अभियंता नरेन्द्र कुमार ठाकरे, मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी बरघाट द्वारा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई थी कि ग्राम मंडी छुई टोला में लगे 25 केव्हीए ट्रांसफार्मर से अज्ञात चोर करीब 100 लीटर ऑयल चोरी कर ले गए हैं। शिकायत पर थाना बरघाट में अपराध क्रमांक 254/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बरघाट ललित गठरे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम मानेगांव रोड स्थित मोक्षधाम के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर से तेल निकालते समय वह फट गया था, जिससे काफी ऑयल मौके पर ही बह गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 30 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में नीतेश राउत निवासी मोहगांव जिला बालाघाट, महेन्द्र कुपाले एवं धर्मेन्द्र सहारे निवासी बरहोली थाना बरघाट शामिल हैं।
कार्रवाई में निरीक्षक मोहनीश सिंह बैस, सउनि रामअवतार डेहरिया, प्रधान आरक्षक बिहारीलाल धुर्वे, आरक्षक अनिल मर्सकोले एवं आरक्षक आशीष कुडोपे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






