मध्य प्रदेशराज्य

जल्दबाजी पड़ गई भारी : चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में युवक की दर्दनाक मौत

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के घंसौर रेलवे स्टेशन पर  एक दर्दनाक हादसा हो गया। चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान चेतू मनेश्वर (19) निवासी लामता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक किसी कार्य से ट्रेन में यात्रा कर रहा था। दोपहर के समय जब ट्रेन घंसौर रेलवे स्टेशन पहुंची, उसी दौरान उसने ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही नीचे उतरने का प्रयास किया। ट्रेन की रफ्तार धीमी जरूर थी, लेकिन पूरी तरह नहीं रुकी थी। इसी दौरान युवक का संतुलन बिगड़ गया और उसका पैर फिसल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक सीधे ट्रेन और प्लेटफॉर्म नम्बर 2 के बीच गिर गया तथा ट्रेन के पहियों की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना को देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई। कुछ लोगों ने तुरंत रेलवे कर्मचारियों और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

रेलवे प्रशासन और पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ें या उतरें। चलती ट्रेन से उतरने या चढ़ने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है। थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button