कटनी बायपास पर हादसा: बस और डंफर की भिड़ंत, बाल-बाल बची 50 से अधिक यात्रियों की जान

कटनी, यशभारत। कटनी बायपास पर पंसौरा ग्राम पंचायत के पास बीती देर रात एक सड़क हादसा हो गया। यहाँ यात्रियों से भरी एक बस और डंफर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। गनीमत रही कि इतने बड़े हादसे के बावजूद किसी की जान नहीं गई और सभी यात्री सुरक्षित हैं। बताया जाता है कि पुणे से उत्तर प्रदेश के गोंडा जा रही बस और डंफर के बीच भिड़ंत हुई। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, लेकिन चमत्कारिक रूप से किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। कुछ यात्रियों को मामूली खरोंचें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने डंफर और बस को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। यात्रियों के लिए आगे की यात्रा का प्रबंध करने और हादसे के कारणों की जाँच करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।







