बड़ा विमान हादसा टला: लैंडिंग के दौरान टर्किश एयरलाइंस के विमान में लगी आग,बाल-बाल बची 278 यात्रियों की जान
नेपाल के काठमांडू एयरपोर्ट की घटना

काठमांडू,एजेंसी। नेपाल की राजधानी काठमांडू में सोमवार (11 मई) सुबह एक बड़ा विमान हादसा टल गया। टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट TK-726 के लैंडिंग के दौरान विमान के टायर में अचानक आग लग गई, जिससे त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 289 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, फ्लाइट TK-726 इस्तांबुल से काठमांडू पहुंच रही थी। लैंडिंग के समय विमान के टायर में चिंगारी उठी और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट की इमरजेंसी और फायर टीम मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया।
एयरपोर्ट सुरक्षा के SP राजकुमार सिलावल ने बताया कि विमान में 278 यात्री और 11 क्रू मेंबर्स सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकाला गया। इस फ्लाइट में संयुक्त राष्ट्र के कुछ प्रतिनिधि भी यात्रा कर रहे थे।
घटना के बाद कुछ समय तक एयरपोर्ट संचालन पर निगरानी रखी गई। फिलहाल किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और तकनीकी कारणों का पता लगाया जा रहा है।







