मध्य प्रदेशराज्य

शराब माफिया के खूनी तांडव से दहला क्षेत्र : सूरज व नीरज के डबल मर्डर’ से भारी आक्रोश  

पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव और कांग्रेस जिलाध्यक्ष पहुंचे पीड़ितों से मिलने 

सागर,  यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ सागर जिले के शाहपुर में शराब दुकान के कर्मचारियों की गुंडागर्दी और बर्बरता ने दो दलित व पिछड़ा वर्ग के परिवारों के चिराग बुझा दिए हैं। शराब माफिया के गुर्गों द्वारा की गई जानलेवा मारपीट में घायल दूसरे युवक नीरज प्रजापति ने भी दम तोड़ दिया है। इससे पहले सूरज अहिरवार की मृत्यु हो चुकी थी। एक साथ दो मौतों ने इस पूरे मामले को ‘डबल मर्डर’ में तब्दील कर दिया है, जिससे पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल है और स्थानीय जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर है।

अस्पताल में थमी नीरज की सांसें, पसरा मातम

घटनाक्रम के अनुसार, शाहपुर स्थित शराब दुकान के कर्मचारियों ने पिछले दिनों सूरज और नीरज को घेरकर लाठी-डंडों और सरियों से बेदम पीटा था। इस हमले में सूरज अहिरवार की जान पहले ही जा चुकी थी, वहीं नीरज गंभीर रूप से घायल था। इलाज के दौरान नीरज की मृत्यु की खबर जैसे ही शाहपुर पहुंची, समूचा नगर बंद हो गया। परिजनों ने इंसाफ की मांग को लेकर शव को मुख्य सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे घंटों आवागमन बाधित रहा।

 माफिया का आतंक: भूपेंद्र सिंह

घटना की सूचना मिलते ही जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे और इस घटना को प्रशासनिक विफलता करार दिया। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि “शाहपुर की यह घटना प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था का शर्मनाक उदाहरण है। यदि प्रशासन समय रहते अवैध शराब कारोबारियों पर नकेल कसता, तो आज सूरज और नीरज हमारे बीच होते। यह माफियाओं को मिल रहे राजनैतिक संरक्षण का परिणाम है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि प्रत्येक मृतक परिवार को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। दोषियों पर फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चले, अन्यथा कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।”

 पुलिस करे सख्त कार्रवाई

क्षेत्रीय विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल भार्गव ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। उन्होंने पुलिस प्रशासन को सख्त लहजे में निर्देश देते हुए कहा कि शाहपुर में हुई यह घटना अत्यंत दुखद और निंदनीय है। किसी भी सूरत में माफिया और गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यश भारत के संभागीय ब्यूरो से चर्चा में उन्होंने बताया कि मैंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस हत्याकांड के सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उन पर ऐसी कार्रवाई की जाए जो मिसाल बने। क्षेत्र में चल रहे अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगनी चाहिए। मैं पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा हूँ और उन्हें हर संभव न्याय दिलाया जाएगा।

दोहरे हत्याकांड के विरोध में आज शाहपुर का व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। व्यापारियों और आम नागरिकों ने माफिया राज के खिलाफ एकजुटता दिखाते हुए दुकानें नहीं खोलीं। मौके पर तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन प्रदर्शनकारियों को समझाने और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाने में जुटा है, लेकिन ग्रामीणों की मांग है कि जब तक आरोपियों के घरों पर बुलडोजर नहीं चलता और पीड़ितों को आर्थिक सहायता नहीं मिलती, वे पीछे नहीं हटेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button