3 वर्षीय मासूम की हत्या : बड़ी मम्मी निकली कातिल

दमोह। जिले के तेजगढ़ थाना अंतर्गत इमलिया चौकी क्षेत्र के ग्राम महुआखेड़ा में 3 वर्षीय मासूम की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जिस बच्चे के अपहरण की आशंका जताई जा रही थी, उसकी हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मासूम के लापता होने के बाद परिजनों ने बच्चे के चोरी होने की आशंका जताई थी। मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली थी। शुक्रवार को ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे थे और जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने तत्काल विशेष टीमों का गठन कर बच्चे की तलाश शुरू कराई। पुलिस द्वारा लगातार गांव और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी दौरान गांव के एक खेत में मासूम का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दिया।
जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद के चलते इस मासूम की हत्या की गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाली बच्चे की बड़ी मम्मी ही निकली। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मासूम की हत्या की खबर के बाद पूरे गांव में शोक और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।







