नेशनल लोक अदालत में सुलझे वर्षों पुराने मामले
ढीमरखेड़ा तहसील न्यायालय में 42 प्रकरणों का हुआ त्वरित निराकरण

नेशनल लोक अदालत में सुलझे वर्षों पुराने मामले
ढीमरखेड़ा तहसील न्यायालय में 42 प्रकरणों का हुआ त्वरित निराकरण

कटनी,यशभारत। तहसील न्यायालय ढीमरखेड़ा में आयोजित नेशनल लोक अदालत के दौरान लंबे समय से लंबित 42 प्रकरणों का आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया गया। लोक अदालत का आयोजन मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के जिला एवं सत्र न्यायाधीश जितेन्द्र कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया।
लोक अदालत में न्यायाधीश श्रीमती पूर्वी तिवारी की अध्यक्षता में घरेलू हिंसा के 11, परिवाद के 9 तथा 22 आपराधिक मामलों का पक्षकारों की सहमति से त्वरित निपटारा किया गया। इससे संबंधित पक्षों को लंबे समय से चले आ रहे विवादों से राहत मिली।
इस दौरान न्यायाधीश श्रीमती तिवारी ने कहा कि लोक अदालतें न्याय प्रक्रिया को सरल, सुलभ और त्वरित बनाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों को आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए विवादों को बातचीत से सुलझाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पक्षकारों को पौधे भेंट किए गए।






