शिक्षा-स्वास्थ्य और लंबित मामलों पर फोकस
जिले में मॉनीटरिंग बढ़ाने और योजनाओं का करें प्रभावी क्रियान्वयन

शिक्षा-स्वास्थ्य और लंबित मामलों पर फोकस
मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन को दिए सख्त निर्देश,
जिले में मॉनीटरिंग बढ़ाने और योजनाओं का करें प्रभावी क्रियान्वयन
कटनी, यशभारत । मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कटनी सहित प्रदेश के जिलों की समीक्षा करते हुए प्रशासनिक कसावट पर जोर दिया। उन्होंने जिले के अधिकारियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और लंबित प्रकरणों के निराकरण को लेकर सख्त निर्देश दिए।
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि जिले में शाला जाने योग्य प्रत्येक बच्चे का स्कूल में प्रवेश हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। 6 वर्ष पूर्ण कर चुके चिन्हित बच्चों को प्राथमिकता से स्कूलों से जोड़ने और आंगनवाड़ी-स्कूल समन्वय को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने कलेक्टर को संवेदनशील मॉनीटरिंग करने को कहा। माह में कम से कम दो बार समीक्षा बैठक लेकर मातृ एवं शिशु मृत्यु दर, कुपोषण, एनीमिया और हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। अस्पतालों और दवा स्टोर का निरीक्षण भी अनिवार्य बताया गया।
मुख्य सचिव ने सीएम हेल्पलाइन के 100 दिनों से अधिक लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने, लोक सेवा गारंटी योजना के तहत सेवाएं समय-सीमा में देने और लापरवाही पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। स्वामित्व योजना के शेष मामलों को 15 दिनों में निपटाने को कहा गया। कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष से आयोजित इस बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।
मुख्य सचिव अनुराग जैन के इन निर्देशों को जिले में प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ाने और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







