जिले में एचपीवी टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा, अब तक 12 हजार 614 किशोरियों को लगा टीका

कटनी, यशभारत। किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में कटनी जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अभियान के तहत जिले ने निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध समय से पहले ही शत-प्रतिशत टीकाकरण कर लक्ष्य पूरा कर लिया है।
लक्ष्य से आगे निकला जिला
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के सतत पर्यवेक्षण और स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता के चलते जिले को दिए गए 12 हजार 613 के लक्ष्य के विरुद्ध कुल 12 हजार 614 किशोरी बालिकाओं को टीका लगाया जा चुका है। टीकाकरण के मामले में कटनी नगर ने लक्ष्य के विरूद्ध 100.53 प्रतिशत, ढीमरखेड़ा ने 100.40 प्रतिशत, रीठी ने 100.16 प्रतिशत, मुरवारा (कटनी) ने 100.07 प्रतिशत, बड़वारा एवं बरही ने 100 प्रतिशत टीकाकरण किया है। जबकि विजयराघवगढ़ 99.64 प्रतिशत और बहोरीबंद 99.38 प्रतिशत टीकाकरण के साथ लक्ष्य पूर्ति के बिल्कुल करीब है।
कलेक्टर श्री तिवारी ने की सराहना और अपील
कलेक्टर श्री तिवारी ने इस सफलता पर स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग की सराहना की है। उन्होंने पुनः अभिभावकों से अपील की है कि जिन बालिकाओं का टीकाकरण शेष है, वे तुरंत शासकीय अस्पतालों में जाकर इस निःशुल्क सुविधा का लाभ उठाएं। बाजार में लगभग 4 हजार रुपये की कीमत वाला यह टीका शासन द्वारा बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए पूरी तरह मुफ्त लगाया जा रहा है। यह वैक्सीन वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित और भविष्य में बेटियों को जीवनभर की सुरक्षा देने वाली ‘सुरक्षा की गारंटी’ है।







